
वाराणसी के बाज़ार व बैंकों की समय सीमा बढ़ाने को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राकेश जैन का प्रयास रंग लाया। शनिवार की रात व्यापारी राकेश जैन व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हुई वार्ता के बाद रविवार को डीएम कौशलराज शर्मा ने दुकानों का समय सुबह 9 से शाम 6 बजे कर दिया। वहीं, बैंकों की समय सीमा भी अब 2 बजे से बढ़ाकर शाम 4 बजे तक कर दी गई है।
दरअसल, शहर की दुकानों की समयावधि बढ़ाने को लेकर व्यापारियों ने कई बार जिलाधिकारी को पत्र देकर मांग की। नगर में जागरूकता अभियान और विरोध प्रदर्शन तक किया गया लेकिन डीएम ने समय सीमा बढ़ाने के बजाय सुबह में 2 घंटे की कटौती करके सुबह 11 बजे शाम 6 बजे दुकानों का समय निर्धारित कर दिया। जबकि व्यापारी सुबह 10 से रात 8 बजे तक करने की मांग कर रहे थे। व्यापारियों की हर समस्याओं को गंभीरता से सुना जा रहा है। व्यापारियों के अनुरोध पर ही दुकानों के समय में बदलाव किया जा रहा है। किसी को कोई परेशानी हो तो बैठक के जरिए अपनी समस्या रख सकता है।
कौशल राज शर्मा, जिलाधिकारी