भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व मिलने के बाद पहली बार गोरखपुर आ रहे स्वतंत्र देव सिंह के स्वागत के लिए भाजपाईयों में जबरदस्त उत्साह है। स्वतंत्र देव सिंह शनिवार 1.30 बजे निपाल क्लब में जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष के दौरे के मद्देनजर भाजपा एक सप्ताह से तैयारियों में जुटी है। शनिवार को भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल, महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष जर्नादन तिवारी, महानगर मीडिया प्रभारी बृजेश मणि मिश्र ने निपाल क्लब का निरीक्षण कर तैयारियों का जाएजा लिया। कार्यक्रम स्थल पर भी बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की गई।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि महानगर की सीमा में प्रवेश करते ही नौसड़ चौराहे पर महानगर के पदाधिकारी और नौसड़ वार्ड एवं भवापार मंडल के कार्यकर्ता पुष्प वर्षा कर ढोल नगाड़े के साथ स्वागत करेंगे। इसके बाद टीपी नगर, अलहदापुर, भगत सिंह चौराहा, शास्त्री चौक, चेतना तिराहा, हरिओम नगर तिराहा पर कार्यकर्ताओं का समूह स्वागत करेगा। स्वागत में विभिन्न व्यापारिक संगठन, सामाजिक संगठन और कुछ स्थानीय कार्यकर्ता भी लगाए गए हैं। निपाल लॉज में संबोधन के बाद क्लब में ही प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। यहां से गोरखनाथ मंदिर एवं माधव धाम जाएंगे ।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल, महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि नेपाल क्लब के बाद यातायात चौराहा, धर्मशाला चौराहा, झूलेलाल मंदिर, गोरखनाथ मंदिर के गेट पर भी स्वागत किया जाएगा। मंदिर में दर्शन के पश्चात 10 नंबर बोरिंग और राजेंद्र नगर चंदा पेट्रोल पंप के सामने भी कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। जिला अध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने कहा कि सीहापार एवं सहजनवा में स्वागत किया जाएगा। उधर भाजयुमो ने भी महानगर अध्यक्ष पवन यादव की अध्यक्षता में निपाल क्लब में बैठक की।
बैठक में भाजयुमो क्षेत्रीय अध्यक्ष रणजीत राय ने तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान रितेश सिंह, अखिल देव त्रिपाठी, डॉ विवेकानंद सिंह, हिमांशु श्रीवास्तव, अवधेश अग्रहरी, सुशील प्रजापति, अमित नारायण समेत अन्य उपस्थित रहे। उधर भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ ने भी प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए अपनी तैयारिया पूर्ण कर ली हैं। दिवानी कचहरी में बैठक कर प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय सह संयोजक जितेंद्र वर्मा पल्लू ने अधिवक्ताओं से अपील किया कि अधिकाधिक संख्या में अभिनंदन समारोह में पहुंचे।