गुजरात में कतारगाम के शांतिवन सोसाइटी में रहने वाले एक शख्स से महिला ठग ने 16.44 लाख रुपए ऐंठ लिए। दोनों की अक्टूबर 2019 में फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। आरोप हैं कि, नेहा पटेल नाम की ये महिला अपनी मां की बीमारी का बहाना बनाकर पैसे मांगती थी। इसी तरह 11 महीने में उसने लाखों रुपए हड़प लिए।

पीड़ित शख्स का नाम दिव्येश है। दिव्येश ने ही नेहा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद साइबर क्राइम की टीम ने टेक्निकल सर्विलांस के जरिए नेहा को उसके पति के साथ पाटण से गिरफ्तार किया है। इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने कहा कि, कतारगाम के शांतिवन सोसाइटी में रहने वाले दिव्येश ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
दिव्येश ने बताया कि 14 अक्टूबर 2019 को उसके फेसबुक पर नेहा पटेल के नाम से एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। दोनों में तभी से दोस्ती हो गई थी। फिर नेहा तरह तरह के बहाने बनाते हुए पैसे ऐंठने लगी। कुछ दिन बाद जब दिव्येश ने रुपए वापस मांगे तो नेहा का फेसबुक अकाउंट ही बंद हो गया। दिव्येश ने चेक किया तो पता चला कि नेहा के नाम से फेसबुक पर चार फर्जी अकाउंट थे। जिसके बाद दिव्येश ने पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई।
ठगी की शिकायत दर्ज होने के दो दिन बाद पुलिस ने दंपति को गिरफ्तार किया। दोनों पति-पत्नी पाटण शहर के पदमनाथ चौराहे के पास स्थित यश कुटीर बिल्डिंग से गिरफ्तार किए गए। पुलिस अधिकारी ने कहा कि, हमने 15 अगस्त को साइबर क्राइम से बचने के लिए एक मुहिम शुरू की थी, जिसमें लोगों को ठगों के झांसे में न आने का संकल्प दिलाया जा रहा है। इसी बीच ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया।